DniNews.Live

रामनवमी पर मथुरा डीएम ने किया गौ-पूजन:देवरहा बाबा गो-आश्रय स्थल का निरीक्षण, 8600 गौवंशों की व्यवस्थाएं परखी

मथुरा में रामनवमी के अवसर पर जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने राल स्थित ब्रह्मऋषि श्री देवरहा बाबा गो-आश्रय स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विधि-विधान से गौ-पूजन किया और गौवंशों को गुड़ व हरा चारा खिलाया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गौशाला परिसर में संचालित गौधाम गुरुकुल का भी भ्रमण किया। उन्होंने विद्यार्थियों को मिष्ठान वितरित किया। गुरुकुल में लगभग 80 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। डीएम ने कक्षाओं का जायजा लिया और बच्चों द्वारा बनाए गए शिल्प व हस्तकला का अवलोकन किया। उन्होंने छात्रों से पढ़ाई और भोजन व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। इस अवसर पर जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. पंकज कुमार वर्मा ने गौशाला परिसर में श्रमदान भी किया। दोनों अधिकारियों ने स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया। जिलाधिकारी ने बताया कि इस गो-आश्रय स्थल में लगभग 8600 गौवंश संरक्षित हैं। यह गौशाला 136 एकड़ क्षेत्र में फैली है, जिसमें 27 शेड बनाए गए हैं। उन्होंने गौ उत्पाद केंद्र का निरीक्षण कर गोबर व गौमूत्र से तैयार किए जा रहे साबुन, फेसवॉश, दीपक, फिनायल, घी और धूपबत्ती जैसे उत्पादों की जानकारी ली। साथ ही एडीएम को इन उत्पादों के व्यापक प्रचार-प्रसार और एक डॉक्यूमेंट्री तैयार कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डीएम ने भूसा, हरा चारा, पेयजल, साफ-सफाई और पशुओं की स्वास्थ्य सेवाओं का गहन जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गौवंश के लिए पर्याप्त चारा और स्वच्छ पेयजल की निरंतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *