कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग को विश्वास में लेकर 50 ग्राम सोना और लाखों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। बुजुर्ग को जब बैंक पहुंचकर ठगी का अहसास हुआ और आरोपी ने अपना नंबर बंद कर लिया, तब उन्होंने चकेरी थाने में आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। लालबंगला के चरारी निवासी 68 वर्षीय राज नारायण सिंह ने बताया कि वह एक निजी कंपनी में कार्यरत थे। उन्होंने आरोप लगाया है कि दीपक वर्मा नामक व्यक्ति ने फर्जी एफडीआर और सरकारी योजना का झांसा देकर उनसे लाखों रुपये और 50 ग्राम सोना हड़प लिया। पीड़ित को इस धोखाधड़ी का पता तब चला जब उन्होंने बैंक में जाकर जानकारी ली। राज नारायण के अनुसार, उन्होंने आरोपी को जितने भी पैसे दिए थे, उसका हिसाब-किताब आरोपी ने एक रजिस्टर में दर्ज किया था। आरोपी ने सोने पर सालाना 12% ब्याज दिलाने का लालच देकर उनसे 50 ग्राम सोना भी ले लिया। इसके अतिरिक्त, सरकारी योजना का बताकर अधिक मुनाफे का प्रलोभन देकर आरोपी ने उनका एक खाता फतेहपुर स्थित एक बैंक में भी खुलवा दिया था। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एक टीम गठित की गई है। मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply