मुजफ्फरनगर के नियाजीपुरा में एक युवक पर ससुराल पक्ष के लोगों ने हमला कर दिया। युवक अपनी पत्नी को लेने ससुराल पहुंचा था, जहां विवाद के बाद मारपीट हुई। पीड़ित ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। नियाजीपुरा निवासी नदीम ने करीब तीन साल पहले सानिया नामक युवती से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद से ही दोनों के बीच विवाद चल रहा था, जिसके कारण सानिया अपने मायके में रह रही थी। दंपति का एक तीन साल का बच्चा भी है, जो फिलहाल मां के पास है। पीड़ित के अनुसार, 25 मार्च की शाम नदीम अपनी पत्नी को वापस घर लाने के लिए ससुराल पहुंचा था। उस समय घर में एक कार्यक्रम चल रहा था और सानिया डीजे पर नाच रही थी। नदीम ने इस पर आपत्ति जताई, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसी दौरान ससुराल पक्ष के सोनू, जुबेर, जैद और सलीम ने मिलकर नदीम पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। पीड़ित का कहना है कि हमलावरों ने उसे जान से मारने की नीयत से पीटा। वह किसी तरह मौके से बचकर निकला और डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। नदीम ने आरोप लगाया है कि थाने में तहरीर देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उसने एसएसपी से न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और अपने बच्चे की अभिरक्षा दिलाने की मांग की है।

Leave a Reply