सीतापुर के तंबौर थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर करीब 2:30 बजे एक सड़क हादसे में एक 70 वर्षीय विकलांग बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, औंरी शाहपुर गांव निवासी बदलू (70 वर्ष) पुत्र शकूर अपनी ट्राई साइकिल से घर से तंबौर बाजार जा रहे थे। जैसे ही वह तंबौर-रतनगंज मार्ग पर स्थित सांई पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल होकर सड़क किनारे गिर पड़े। घटना के कुछ देर बाद गांव के ही निवासी इरफान अपने ऑटो से तंबौर की ओर जा रहे थे। रास्ते में उन्होंने बुजुर्ग को घायल अवस्था में सड़क किनारे पड़ा देखा। मानवता का परिचय देते हुए इरफान ने तत्काल उन्हें अपने ऑटो में बैठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) तंबौर पहुंचाया। सीएचसी में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन बुजुर्ग की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका और उपचार के दौरान ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है।

Leave a Reply