DniNews.Live

शादी टूटने से परेशान युवती ने फंदा लगाकर जान दी:8 महीने पहले तय हुआ था रिश्ता, आरोप- शारीरिक संबंध बनाए, दूसरी जगह तय की शादी

गोंडा के छपिया थाना क्षेत्र में दहेज की मांग और शादी टूटने से परेशान 22 साल की युवती साक्षी सोनी ने आत्महत्या कर ली। बैकुंठपुर (भरथीपुर) गांव में युवती ने अपने घर के अंदर फांसी लगाकर जान दे दी। सूचना मिलने पर छपिया थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने साक्षी सोनी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पिता भगवान दीन सोनी ने थाने में तहरीर दी है। तहरीर के अनुसार, उनकी बेटी साक्षी की शादी करीब 8 महीने पहले चांदनी चौक निवासी शिवम सोनी से तय हुई थी। शादी तय होने के बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और युवक का युवती के घर आना-जाना भी होने लगा। परिजनों ने आरोप लगाया है कि इसी दौरान युवक ने युवती से शारीरिक संबंध भी बनाए। परिजनों का आरोप है कि बाद में युवक और उसके परिवार ने पांच लाख रुपये दहेज की मांग शुरू कर दी, जबकि पहले एक लाख रुपये तय हुए थे। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिवार यह मांग पूरी नहीं कर सका। इसके बाद आरोपी शिवम सोनी ने कहीं और शादी तय कर ली। हालांकि, दूसरी शादी तय होने के बावजूद युवक युवती से लगातार संपर्क में बना रहा, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगी। पिता भगवान दीन सोनी ने बताया कि इसी मानसिक तनाव के चलते दोपहर में युवती ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद भी आरोपी युवक द्वारा युवती के मोबाइल पर फोन किए जाने की बात सामने आई है। छपिया थानाध्यक्ष प्रबोध कुमार ने बताया कि उन्हें तहरीर मिल गई है और मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। परिजनों के अनुसार, दहेज की बढ़ी मांग और शादी टूटने की स्थिति ने युवती को गहरे मानसिक तनाव में डाल दिया था, जिसके कारण उसने यह कदम उठाया।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *