संभल के हयातनगर थाना क्षेत्र में रंगदारी न देने पर एक युवक पर हमला किया गया। हमलावरों ने युवक की गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की। पीड़ित मोहम्मद फैजान ने आरोप लगाया है कि आरोपी उनसे हर हफ्ते 5,000 रुपये की रंगदारी मांग रहा था। फैजान के अनुसार, नहर खिलौमा निवासी परवेज नामक व्यक्ति उनसे साप्ताहिक 5,000 रुपये की रंगदारी की मांग कर रहा था। फैजान द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी और उसके साथी उन पर भड़क गए। पीड़ित ने बताया कि पहले आरोपी को समझाकर भेज दिया गया था, लेकिन कुछ देर बाद परवेज कुछ अन्य लड़कों के साथ नशे की हालत में वापस आया। आते ही उसने फैजान पर चाकू और रॉड से हमला कर दिया। इस हमले में फैजान के कंधे के पीछे चोट लगी। जिसका उपचार कराया गया है। मारपीट और तोड़फोड़ करने के बाद हमलावर हुए फरार हमले के दौरान हमलावरों ने फैजान की गाड़ियों को भी निशाना बनाया। उन्होंने गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए और जमकर पथराव किया। जिससे गाड़ियों को काफी नुकसान पहुंचा। फैजान ने बताया कि घटना में कुल पांच लोग शामिल थे। जिनमें से केवल परवेज की पहचान हो पाई है। जबकि अन्य चार अज्ञात हैं। मारपीट और तोड़फोड़ करने के बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने घटना की सूचना हयातनगर पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि मुख्य आरोपी की पहचान हो चुकी है और उसके अन्य साथियों की तलाश जारी है। थाना प्रभारी ने चेतावनी दी कि रंगदारी मांगने और धमकी देने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। इस घटना से स्थानीय व्यापारी और नागरिक चिंतित हैं। जिन्होंने पुलिस से त्वरित कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपी परवेज और उसके साथियों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply