भास्कर न्यूज| पूर्णिया नगर विकास एवं आवास विभाग मद निधि के तहत नगर निगम वार्ड 7 के ब्रजेश नगर में बना सामुदायिक शौचालय पिछले 4 वर्षों से बंद पड़ा है। 7.34 लाख की लागत से निर्मित शौचालय पर लटका ताला खुलने का इंतजार यहां के महादलित समुदाय के लोग वर्षों से कर रहे हैं। लेकिन अधिकारी इस दिशा में उदासीन बने हैं। यहां के लोगों ने बताया कि वार्ड 7 के निवर्तमान वार्ड पार्षद रमेश पासवान उर्फ पोलो पासवान के अथक प्रयास से इस शौचालय का निर्माण हुआ था। साल 2021 में तत्कालीन मेयर सविता देवी एवं डिप्टी मेयर विभा कुमारी ने इसका उद्घाटन किया था। वार्ड 7 की वार्ड पार्षद बबली कुमारी व वार्ड पार्षद प्रतिनिधि बंटी कुमार ने इसे चालू करवाने का प्रयास किया था। ब्रजेश नगर के बबलू मल्लिक, पवन मल्लिक, राधा देवी, किरण देवी आदि ने बताया कि शौचालय चालू नहीं होने के कारण यहां के लोग आज भी खुले में शौच करने को मजबूर हैं। लोगों ने बताया कि जब शौचालय आम लोगों के लिए नहीं खोला जाना था तो क्यों इसका निर्माण किया गया। ब्रजेश नगर में दर्जी का काम करने वाले मो.अब्दूल सत्तार ने बताया कि ब्रजेश नगर में सार्वजनिक शौचालय बने लगभग 4 साल होने को चला है। आज तक इसका ताला तक नहीं खुला है। सरकारी पैसे से बना शौचालय अगर जनता के काम न आए तो यह सिर्फ संसाधनों की बर्बादी है। स्वच्छ भारत अभियान के तहत खुले में शौच मुक्त (ओडीएफ) भारत बनाने का संकल्प लिया गया था। लेकिन इस तरह की लापरवाही योजना की सफलता पर सवाल खड़े करती है। नगर निगम प्रशासन द्वारा शौचालय निर्माण के बाद इसकी देखभाल और संचालन पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। जिस कारण यह बंद पड़ा है।
https://ift.tt/3kOlL7J
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply