पेट्रोल पंप पर डीजल में पानी मिलने का आरोप:शामली में ट्रक मालिक ने शिकायत की, पंप संचालक ने कहा- हम जांच के लिए तैयार

शामली के झिंझाना थाना क्षेत्र में मेरठ-करनाल हाईवे पर स्थित एक पेट्रोल पंप पर डीजल में पानी मिलावट का आरोप लगा है। मेरठ के एक ट्रक मालिक ने इस संबंध में जिला पूर्ति अधिकारी से शिकायत कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पेट्रोल पंप संचालक ने जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होने की बात कही है। यह घटना झिंझाना थाना क्षेत्र के टपराना चौक स्थित नानू लंबरदार पेट्रोल पंप पर हुई। मेरठ निवासी विशाल भारद्वाज का ट्रक देर रात यहां डीजल भरवाने आया था। ट्रक मालिक के मुताबिक, उन्होंने लगभग 29,600 रुपए का डीजल डलवाया था। इसके बाद ट्रक करनाल पहुंचते ही बंद हो गया।
ट्रक मालिक विशाल भारद्वाज का आरोप है कि कंपनी के इंजीनियर ने जांच में पाया कि डीजल में पानी की मिलावट के कारण ही इंजन खराब हुआ। इसके बाद विशाल भारद्वाज ने जिला पूर्ति अधिकारी अंकुर यादव को शिकायती पत्र सौंपकर संबंधित पेट्रोल पंप के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में पेट्रोल पंप संचालक बिलाल ने बताया कि उनके पंप से देर रात 29,600 रुपए का डीजल लिया गया था। उन्होंने स्पष्ट किया कि उस वाहन के अलावा उन्हें किसी अन्य ग्राहक से कोई शिकायत नहीं मिली है, जबकि उस दिन कई अन्य गाड़ियों में भी डीजल भरा गया था। बिलाल ने विश्वास जताया कि विभागीय अधिकारियों की जांच के बाद सच्चाई सामने आ जाएगी। जिला पूर्ति अधिकारी अंकुर यादव ने भी जांच के बाद उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News

Puri Khabar Yahan Padhein

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *