देवरिया में दूध विक्रेता पर जानलेवा हमला:घर लौट रहे युवक के सिर के पास से गोली निकली, मेडिकल कॉलेज रेफर
देवरिया के बरहज थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक दूध विक्रेता पर अज्ञात बदमाशों ने फायरिंग कर दी। घटना नौका टोला वेलडाड के पास की है। पचौहा बाईपास निवासी सुरेंद्र यादव (30) दूध बेचने के बाद साइकिल से अपने घर परसिया देवार पाही लौट रहे थे। नौका टोला के पास अज्ञात बदमाशों ने उन पर गोली चला दी। गोली सिर के पास से छूकर निकल गई। सुरेंद्र जमीन पर गिर पड़े। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोग घायल सुरेंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरहज ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें महर्षि देवराहा बाबा मेडिकल कॉलेज, देवरिया रेफर किया गया। डॉक्टरों के अनुसार गोली लगने से अधिक रक्तस्राव हुआ है। मरीज को लगातार निगरानी की आवश्यकता है। बरहज पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। घायल सुरेंद्र का बयान दर्ज कर लिया गया है। हमलावर फरार हो गए हैं। उनकी पहचान अभी नहीं हो पाई है। थाना प्रभारी राहुल सिंह ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। हमलावरों की गिरफ्तारी जल्द की जाएगी। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग हमले के कारणों की चर्चा कर रहे हैं।
Source: उत्तरप्रदेश | दैनिक भास्कर
Leave a Reply