मेरठ में क्राइम ब्रांच के एक इंस्पेक्टर पर अपनी पत्नी से बलात्कार और अन्य गंभीर अपराधों के आरोप लगे हैं। पीड़ित महिला की शिकायत पर कंकरखेड़ा थाना पुलिस ने इंस्पेक्टर के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कंकरखेड़ा क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी वर्ष 2007 में सुनील दत्त से हुई थी। सुनील दत्त वर्तमान में नोएडा क्राइम ब्रांच में इंस्पेक्टर के पद पर तैनात हैं। दंपति के तीन बच्चे हैं, जो इस समय पति के पास हैं।
महिला का आरोप है कि इंस्पेक्टर सुनील दत्त अंधविश्वास में विश्वास रखते थे। उन्होंने शादी को अशुभ बताते हुए पत्नी पर तलाक लेने का दबाव बनाया। पति के कहने पर महिला ने इस भरोसे के साथ तलाक की अर्जी भी दाखिल कर दी थी कि बाद में दोनों फिर से शादी कर लेंगे। पीड़िता के अनुसार, तलाक की अर्जी के बाद इंस्पेक्टर ने उसे रोहटा रोड स्थित एक कॉलोनी में रखने का वादा किया, लेकिन बाद में उसे कंकरखेड़ा में अपने साथ रखने लगा। इसी दौरान आरोपी ने कई बार महिला के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि गर्भवती होने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और पेट पर लात मारी, जिससे उसका गर्भपात हो गया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी इंस्पेक्टर ने एक थाने में चार्ज लेने के लिए उस पर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ संबंध बनाने का दबाव भी बनाया। जब महिला ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। पीड़िता लंबे समय से न्याय के लिए संघर्ष कर रही थी। अंततः कंकरखेड़ा थाने में आरोपी इंस्पेक्टर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply