सोनभद्र के रेनुकूट में रामनवमी के अवसर पर शुभकामना फाउंडेशन ने बोरा टंकी स्लम क्षेत्र में एक सेवा अभियान चलाया। संस्था के सदस्यों ने निर्धन और जरूरतमंद बच्चों के साथ रामनवमी का पर्व मनाया, उन्हें शिक्षा का महत्व समझाया और खाद्य सामग्री वितरित की। जहां एक ओर पूरा देश रामनवमी पर पूजा-अर्चना और भंडारे में लीन था, वहीं शुभकामना फाउंडेशन ने इस अवसर को सेवा, संस्कार और शिक्षा के माध्यम से सार्थक बनाने का प्रयास किया। संस्था के लक्ष्मी नारायण राय, अन्नपूर्णा राय, विक्रांत राय और भोला जी ने बोरा टंकी स्लम क्षेत्र में पहुंचकर बच्चों के साथ पर्व मनाया। इस दौरान बच्चों को रामनवमी के धार्मिक महत्व से अवगत कराया गया। साथ ही, उन्हें शिक्षा का महत्व, जीवन में आगे बढ़ने की कला और अपने सपनों को साकार करने की प्रेरणा भी दी गई। संस्था के सदस्यों ने बच्चों के साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। उन्हें फल, बिस्किट और अन्य खाद्य सामग्री भी वितरित की गई। इस पहल से बच्चों के चेहरों पर खुशी आई। बच्चों को यह संदेश दिया गया कि शिक्षा ही वह शक्ति है, जिसके बल पर वे जीवन में उच्चतम पदों तक पहुंच सकते हैं। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सुनीता चौबे का योगदान महत्वपूर्ण रहा। संस्था के सुभाष राय ने इस अवसर पर कहा, “यह सेवा कार्य केवल सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि माता रानी की सच्ची पूजा के समान है। जब हम जरूरतमंदों के चेहरे पर खुशी लाते हैं, तभी हमारी भक्ति पूर्ण होती है।” उन्होंने यह भी बताया कि संस्था द्वारा किए जा रहे ऐसे सभी सेवा कार्य सहयोगियों एवं सदस्यों की निस्वार्थ भावना के कारण ही संभव हो पाते हैं। यह आयोजन समाज के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत करता है कि सच्ची भक्ति केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं, बल्कि सेवा, संवेदना और जागरूकता के माध्यम से ही पूर्ण होती है।

Leave a Reply