DniNews.Live

हरदोई में 3.23 करोड़ रुपये से बनेगा विद्युत शव दाहगृह:राज्य मंत्री नितिन अग्रवाल बोले- प्रयास सार्थक हुए, सरकार का जताया आभार

हरदोई नगर पालिका परिषद को विद्युत शवदाहगृह के निर्माण के लिए प्रदेश सरकार से बड़ी सौगात मिली है। राज्य मंत्री नितिन अग्रवाल के अनुरोध पर इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए 323 लाख रुपये की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। इस संबंध में राज्य मंत्री नितिन अग्रवाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और नगर विकास मंत्री ए. के. शर्मा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना हरदोई की जनता के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी। अग्रवाल ने बताया कि आधुनिक विद्युत शवदाहगृह बनने से अंतिम संस्कार की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित, स्वच्छ और पर्यावरण के अनुकूल हो सकेगी। उन्होंने यह भी कहा कि पारंपरिक चिताओं की तुलना में यह समय की बचत करेगा और लकड़ी की खपत को कम करके पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देगा। यह कदम नगर क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने में भी महत्वपूर्ण साबित होगा। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए इसे शहर के विकास की दिशा में एक अहम कदम बताया है। नागरिकों का कहना है कि इस सुविधा के शुरू होने से उन्हें बेहतर और सम्मानजनक अंतिम संस्कार व्यवस्था उपलब्ध हो सकेगी। नगर पालिका परिषद द्वारा जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी, जिससे आम जनता को शीघ्र ही इस सुविधा का लाभ मिल सकेगा।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *