कौशांबी जिले के बारा ब्लॉक स्थित प्रभा नर्सिंग होम पर इलाज में लापरवाही का गंभीर आरोप लगा है। बच्चेदानी के ऑपरेशन के बाद एक महिला की तबीयत बिगड़ने और बाद में मौत हो जाने से परिजन आक्रोशित हो गए। उन्होंने अस्पताल के बाहर सड़क जाम कर प्रदर्शन किया और संबंधित डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। जानकारी के अनुसार, राम सेवक की पत्नी सरिता देवी को 6 मार्च को प्रभा नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। यहां डॉक्टर ने उनका बच्चेदानी (यूटरस) का ऑपरेशन किया था। ऑपरेशन के बाद से ही सरिता देवी की तबीयत लगातार खराब रहने लगी। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें प्रयागराज के एक निजी अस्पताल ले गए। परिजनों का आरोप है कि प्रयागराज के डॉक्टरों ने पहले किए गए ऑपरेशन को गलत बताया। इसके बाद महिला का दोबारा ऑपरेशन किया गया, लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ और इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया गया महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग एक बार फिर आक्रोशित हो गए। उन्होंने प्रभा नर्सिंग होम के बाहर सड़क जाम कर अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। सूचना पर कौशांबी थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, परिजन अस्पताल को सील करने की मांग पर अड़े रहे। इसके बाद चायल सीएचसी प्रभारी मौके पर पहुंचे और प्रभा नर्सिंग होम को सील कर दिया। अस्पताल सील होने के बाद ही सड़क जाम समाप्त हुआ। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही की जा रही है।

Leave a Reply