सीतापुर के रामकोट थाना क्षेत्र के लोधौरा गांव में शुक्रवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब अचानक बारिश के दौरान जनता भट्ठा पर आकाशीय बिजली गिर गई। तेज आवाज के साथ गिरी बिजली से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। हरदोई-सीतापुर मार्ग पर स्थित लोधौरा गांव के जनता भट्ठा पर अचानक मौसम बदलने के साथ बारिश शुरू हुई। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली सीधे भट्ठे की चिमनी पर आ गिरी। बिजली गिरने से चिमनी में लंबी दरार पड़ गई, जिससे भट्ठे की चिमनी को आंशिक नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और स्थिति का जायजा लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बिजली गिरते ही तेज धमाके जैसी आवाज आई, जिससे लोग सहम गए। कुछ समय के लिए क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। भट्ठे के मुनीम मुकेश यादव ने बताया कि भट्ठे पर पहले से ही आकाशीय बिजली से बचाव के लिए कॉपर तार (लाइटनिंग कंडक्टर) लगाया गया था। इसी वजह से बिजली सीधे जमीन में चली गई और बड़ा हादसा टल गया। उन्होंने बताया कि यदि यह सुरक्षा व्यवस्था न होती, तो जानमाल का भारी नुकसान हो सकता था। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ऐसे स्थानों पर सुरक्षा इंतजामों की जांच कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके। फिलहाल घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली है।

Leave a Reply