महोबा के शीतला माता मंदिर में चैत्र नवरात्रि की नवमी पर मधुमक्खियों ने श्रद्धालुओं पर हमला कर दिया। हवन के धुएं से भड़कीं मधुमक्खियों के इस हमले में मां-बेटे समेत आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह घटना शुक्रवार को चरखारी बाईपास स्थित शीतला माता मंदिर में हुई। सुबह से ही बड़ी संख्या में भक्त देवी दर्शन के लिए पहुंचे थे। पूजा-अर्चना के दौरान श्रद्धालुओं ने हवन शुरू किया, जिससे उठे धुएं के कारण मंदिर की छत पर लगे मधुमक्खियों के छत्ते पर बैठी मक्खियां भड़क उठीं। हमले के बाद मंदिर में भगदड़ मच गई मधुमक्खियों ने अचानक नीचे मौजूद लोगों पर हमला बोल दिया। जिससे मंदिर परिसर में भगदड़ मच गई। श्रद्धालु खुद को बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे और चीख-पुकार मच गई। हमले में बल्देव नगर निवासी 50 वर्षीय रामबाई और उनके 20 वर्षीय पुत्र मोहन गंभीर रूप से घायल हो गए। इनके अलावा, 17 वर्षीय नीलम, 10 वर्षीय शुभम तथा मलकपुरा निवासी ममता, रानी, भूपत और राकेश सहित कुल आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं। पड़ोसियों और स्थानीय लोगों की मदद से रामबाई और मोहन को तत्काल महोबा के जिला अस्पताल पहुंचाया गया। इमरजेंसी वार्ड में तैनात डॉक्टर पवन गुप्ता ने उन्हें भर्ती कर प्राथमिक उपचार शुरू किया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, सभी घायलों की स्थिति अब स्थिर है। इस अप्रत्याशित घटना से मंदिर आए श्रद्धालु सदमे में हैं। प्रशासन ने लोगों से भीड़भाड़ वाले स्थानों और प्राचीन मंदिरों में पूजा-पाठ के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

Leave a Reply