औरैया में चैत्र नवरात्र की नवमी के पावन अवसर पर ‘एक विचित्र पहल सेवा समिति रजि.’ द्वारा विशाल कन्या पूजन और कन्या भोज का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 27 मार्च 2026, शुक्रवार को सुबह 10 बजे शहर से लगभग 4 किलोमीटर पश्चिम में स्थित समिति के ग्रामीण कार्यालय, ग्राम धीरजपुर में संपन्न हुआ। आयोजन के तहत नन्हीं कन्याओं के मस्तक पर रोली का तिलक लगाकर और पुष्प वर्षा कर उनकी आरती की गई। इसके उपरांत, उन्हें प्रसाद स्वरूप पूड़ी, सब्जी, मिष्ठान आदि का श्रद्धापूर्वक भोजन कराया गया। कन्याओं को दक्षिणा, फल, उपहार और नमकीन भी भेंट किए गए। कार्यक्रम का समापन बच्चों द्वारा सामूहिक देवी माता के जयघोष के साथ हुआ। इस कार्यक्रम के सफल आयोजन में समाजसेवी एल.एन. गुप्ता और उनकी धर्मपत्नी समाजसेविका पुष्पा गुप्ता का सराहनीय योगदान रहा। समिति के संस्थापक आनंद नाथ गुप्ता एडवोकेट ने बताया कि धीरजपुर स्थित ग्रामीण कार्यालय में प्रति वर्ष नवरात्र के दौरान दो बार विशाल कन्या भोज कार्यक्रम विधि-विधान से आयोजित किया जाता है। महिला शाखा तुलसी की प्रभारी बबिता ने बताया कि नवरात्र के नौ दिनों में देवी दुर्गा के नौ पावन स्वरूपों की साधना अत्यंत शुभकारी और फलदायी मानी जाती है। अष्टमी और नवमी के दिन देवी स्वरूप कन्याओं के विशेष पूजन और कन्या भोज का विशेष महत्व होता है। प्राचीन मान्यताओं के अनुसार, नवरात्रि में कन्याओं में देवी दुर्गा के विभिन्न रूपों का वास होता है और सच्चे मन से कन्या पूजन व कन्या भोज कराने से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं तथा विशेष पुण्य फल की प्राप्ति होती है। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष राजीव पोरवाल (रानू), सखी ग्रुप की सदस्य अनीता पोरवाल, प्रखर गुप्ता, तारावती, फूलगंज सांस्कृतिक समिति के अध्यक्ष हरगोविंद तिवारी, धर्म अग्रवाल (लोली), एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस के उप-प्रबंधक प्रदीप सिंह सेंगर, धर्मेंद्र कुमार, हिमांशु दुबे, सतीश कुमार, नैतिक, शिवानी, दिव्या, अवनी सहित कई श्रद्धालु, ग्रामीण बच्चे और महिलाएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply