अयोध्या जिले के रौनाही थाना क्षेत्र से एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। युवक के परिजनों ने तीन परिचितों पर उसके अपहरण या हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। जिले के खण्डासा थाना क्षेत्र के अघियारी गांव निवासी मन्ना (30) की पत्नी मोनी ने रौनाही थाने में तहरीर दी है। तहरीर के अनुसार, मन्ना 12 मार्च की रात करीब 10 बजे खाना खाने के बाद अपने परिचितों नाटे पुत्र मुबारक, निवासी मंगलसी, अर्सलान निवासी चिर्रा जगनपुर और सुल्तान निवासी शेख लोदी के साथ सुल्तान की गाड़ी से कहीं गए थे। इसके बाद वह घर नहीं लौटे। अगले दिन दोपहर तक जब मन्ना का कोई पता नहीं चला, तो परिवार ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इस दौरान, मन्ना के ससुर ने तीनों युवकों से पूछताछ की। परिजनों का आरोप है कि युवकों ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए धमकी दी कि दोबारा पूछताछ करने पर उन्हें भी गायब कर दिया जाएगा। मोनी ने अपनी तहरीर में आशंका व्यक्त की है कि तीनों आरोपियों ने उनके पति को या तो कहीं छिपा दिया है या उनकी हत्या कर दी है। उन्होंने पुलिस से तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और पति को बरामद करने की मांग की है। इस संबंध में रौनाही थाना पुलिस का कहना है कि उन्हें शिकायती पत्र प्राप्त हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply