गोरखपुर के गुलरिहा क्षेत्र के जंगल टिकरिया में बृहस्पतिवार रात एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ससुराल पक्ष के लोग शव को मेडिकल कॉलेज में छोड़कर फरार हो गए। मायके पक्ष की सूचना पर पुलिस ने मृतका के पति के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान बेलीपार क्षेत्र के मेहरौली निवासी 26 वर्षीय चंदा के रूप में हुई है। उसकी शादी वर्ष 2020 में गुलरिहा के जंगल टिकरिया निवासी मदरसन चौहान से हुई थी। दंपति की एक पांच वर्षीय बेटी भी है। बृहस्पतिवार रात मायके वालों को सूचना मिली कि चंदा को दिल का दौरा पड़ने के कारण मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। जब मायके वाले बीआरडी मेडिकल कॉलेज पहुंचे, तो उन्हें ट्रामा सेंटर के बाहर चंदा का शव मिला, जबकि ससुराल पक्ष के लोग वहां से गायब थे। मायके पक्ष का आरोप है कि चंदा का पति मदरसन चौहान शराब के नशे में अक्सर उससे मारपीट करता था। मृतका की भाभी निशा ने बताया कि 18/19 मार्च की रात पति की पिटाई के बाद चंदा अपनी पांच वर्षीय बेटी के साथ नंगे पांव और फटे कपड़ों में मायके मेहरौली पहुंची थी, जहां उसका इलाज कराया गया था। चंदा ने मारपीट से लगी चोटों की तस्वीरें और वीडियो अपने इंस्टाग्राम पर भी पोस्ट की थी। मृतका के भाई पृथ्वीराज चौहान की तहरीर पर गुलरिहा पुलिस ने आरोपी पति मदरसन के खिलाफ दहेज के लिए प्रताड़ित कर हत्या का मामला दर्ज किया है। थानाध्यक्ष इत्यानन्द पांडेय ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply