DniNews.Live

बलिदानी अग्निवीर का पार्थिव शरीर पहुंचा गांव:सीमापार क्रॉस फायरिंग में देश के लिए दिया मथुरा के लाल ने बलिदान,अंतिम विदाई देने पहुंचे ग्रामीण

मथुरा के नौहझील क्षेत्र के गांव चांदपुर कलां का अग्निवीर लाल देश की रक्षा करते करते सीमपार हुई क्रॉस फायरिंग में शहीद हो गया। शहीद का शव सैन्य सम्मान के साथ शुक्रवार को उसके गांव पहुंचा। जहां अंतिम विदाई देने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण उमड़ पड़े। इस दौरान हर किसी की आँखें नम थीं तो सीने में गर्व इस बात का कि क्षेत्र के लाल ने देश के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। 2024 में हुए थे भर्ती नौहझील क्षेत्र के गांव चांदपुर कलां के रहने वाले 20 वर्ष के आदेश कुमार अग्निवीर योजना के तहत अक्टूबर 2024 में सेना में भर्ती हुए थे। गांव के लाडले आदेश कुमार सीमा पर देश की रक्षा करते हुए शहीद हो गए। मंगलवार देर रात करीब 3 बजे क्रॉस फायरिंग के दौरान गोली लगने से आदेश वीरगति को प्राप्त हो गए। आदेश के शहीद होने की जानकारी परिवार को मंगलवार दोपहर करीब 11 बजे हुई थी। क्षेत्र में फैला शोक आदेश कुमार के शहीद होने की जानकारी मिलते ही परिवार के साथ साथ आसपास के क्षेत्र में शोक फैल गया। शहीद के घर पर परिवार को सांत्वना देने वालों की भीड़ लगी रही। परिजन और क्षेत्रवासी एक तरफ जहां आदेश के जाने से दुखी हैं वहीं उनको गर्व है कि क्षेत्र के लाल ने देश की सीमा की रक्षा करते हुए अपने प्राण गंवाए। परिवार जुड़ा है देश सेवा से दो भाई और दो बहनों में सबसे छोटे थे आदेश कुमार। आदेश गुवाहाटी से करीब 500 किलोमीटर दूर दुर्गम बॉर्डर पर तैनात थे। जहां आक्सीजन की भी कमी है। विषम परिस्थितियों के बीच आदेश बहादुरी से डटे हुए थे। आदेश के पिता विजय कुमार आर्मी में हवलदार पद से रिटायर होने के बाद हरियाणा पुलिस में सेवा दे रहे हैं। बड़े भाई विशाल सेना में हैं। आदेश 3 महीने पहले ही छुट्टी खत्म कर वापस लौटे थे। भाई की शादी में आने की कही थी बात आदेश के भाई विशाल की 21 अप्रैल को शादी थी। परिवार तैयारी में लगा था,इसी बीच आदेश के शहीद होने की जानकारी ने सभी को झकझोर दिया। आदेश ने मां से कहा था कि वह भाई की शादी में खूब धूम मचाएगा। सोमवार को ही आदेश ने अपनी मां उर्मिला और पिता विजय से फोन पर बात की थी। भाई की शादी के लिए 13 अप्रैल को आदेश की छुट्टी मंजूर हो गई थी। श्रद्धांजलि देने वालों का लगा तांता आदेश कुमार का पार्थिव शरीर शुक्रवार को चांदपुर कलां पहुंचा। जहां श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लग गया। पार्थिव शरीर के पहुंचते ही विधायक राजेश चौधरी,MLC योगेश नौहवार,पूर्व मंत्री श्याम सुंदर शर्मा के अलावा क्षेत्र के अन्य जन प्रतिनिधि और ग्रामीण गांव पहुंच गए। जहां सभी आदेश की देशभक्ति के जज्बे को सलाम करते हुए उनको नम आंखों से अंतिम विदाई दी। मुखाग्नि आदेश के चचेरे भाई पुष्पेंद्र और बड़े भाई विशाल ने दी।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *