कानपुर नगर के चकेरी थाना क्षेत्र में HDFC बैंक के अधिकारी और कर्मचारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। यह कार्रवाई जांच के दौरान मांगी गई बैंकिंग जानकारी उपलब्ध न कराने पर की गई है। मामला 1600 करोड़ रुपये के वित्तीय लेन-देन से जुड़ा है। उपनिरीक्षक कुलदीप ने गुरुवार रात यह प्राथमिकी दर्ज कराई। वे चकेरी में दर्ज मुकदमा संख्या 130/2026 की विवेचना कर रहे हैं। जांच के दौरान HDFC बैंक की लालबंगला शाखा से खातों और वित्तीय लेन-देन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी मांगी गई थी। साइबर क्राइम थाने के माध्यम से 24 फरवरी 2026 से 24 मार्च 2026 के बीच बैंक को धारा 94 BNSS के तहत कई आधिकारिक ईमेल और अनुस्मारक भेजे गए थे। इनमें संबंधित खातों और लेन-देन से जुड़े आवश्यक दस्तावेज और सूचनाएं उपलब्ध कराने के स्पष्ट निर्देश थे। बैंक शाखा द्वारा जानकारी उपलब्ध न कराने से जांच प्रभावित हो रही है और वित्तीय लेन-देन की पड़ताल अटक गई है। जानिए पूरा मामला 16 फरवरी को चकेरी के श्यामनगर क्षेत्र में हुई लाखों की लूट से जुड़ा है। लूट के बाद वासिद और अरशद ने पुलिस को गुमराह किया था। एक वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए लुटेरों को जेल भेजा। इसी जांच के दौरान 1600 करोड़ रुपये के लेन-देन का मामला सामने आया। इस मामले में कई आरोपी अभी भी फरार हैं। पुलिस लगातार आरोपियों की पकड़ के लिए दबिश दे रही है। थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें लगाई गई हैं और जांच जारी है। कई बैंक राडार पर, अधिकारी भी शामिल जानकारी के अनुसार, आरोपी पप्पू और उसके गिरोह ने कानपुर के कई बैंकों से 1600 करोड़ रुपये का लेन-देन किया है। पुलिस कई कड़ियों पर जांच कर रही है और बड़ी कार्रवाई की तैयारी में है। वहीं प्राप्त जानकारी के अनुसार बैंकों के कई अधिकारी इस अपराध से जुड़े हुए हैं। हालांकि पुलिस कई कड़ियों में जांच कर रही है। वहीं, माना जा रहा है कि पुलिस बड़ी कार्रवाई करने की योजना बना रही है।

Leave a Reply