कानपुर के रावतपुर थाना क्षेत्र के मसवानपुर में शुक्रवार देर रात दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जानकारी के मुताबिक, एक ऑटो चालक अपनी पत्नी के साथ घर जा रहा था, तभी सड़क किनारे डीजे पर नाच रहे कुछ युवकों ने उसका ऑटो रोक लिया। आरोप है कि नशे में धुत युवकों ने ऑटो पर चढ़कर और पीछे लटककर डांस करना शुरू कर दिया। विरोध करने पर उन्होंने चालक की पिटाई कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों के साथ भी मारपीट हुई, जिसके बाद दोनों पक्षों में जमकर लात-घूंसे चले। पुलिस पहुंची मौके पर, तीन आरोपी दबोचे; बाकी की तलाश
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया। एसीपी कल्याणपुर आशुतोष कुमार भी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और हालात काबू में किए। पीड़ित ऑटो चालक की तहरीर पर देर रात मुकदमा दर्ज कर आरोपियों का मेडिकल कराया गया। एसीपी ने बताया कि सभी युवक शराब के नशे में थे और विरोध करने पर मारपीट की। वायरल वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply