लखनऊ पुलिस ने कमिश्नर के आदेश के बाद शहर भर में यातायात नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया। पुलिस ने चौराहों पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान लोगों ने पुलिस को हेलमेट नहीं पहनने के बहाने बताए। पुलिस के आगे उनके बहानों की एक ना चली। शहर अलग अलग इलाकों में 100 से ज्यादा वाहन सीज किए गए। इसमें अकेले गोमती नगर विस्तार थाने की पुलिस ने 20 गाड़ियों को सीज किया। गोमती नगर विस्तार थाने की पुलिस ने जनेश्वर मिश्र पार्क गेट नंबर 2 पर अभियान चलाया। इंस्पेक्टर सुधीर अवस्थी की मौजूदगी में बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स ने यातायात नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान वाहन चालकों ने अलग-अलग बहाने बनाए। किसी ने घर पर हेलमेट छूट जाने की बात कही तो किसी ने कहा कि जल्दबाजी में हेलमेट लेना भूल गए। इसमें बड़ी संख्या में ऐसे भी लोग रहे जो बिना नंबर प्लेट के गाड़ी दौड़ा रहे थे। पुलिस ने ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनकी गाड़ियों को सीज किया। सड़क पर शराब पीने वालों के खिलाफ भी चला अभियान पुलिस कमिश्नर अमरेन्द्र कुमार सेंगर ने बताया कि लखनऊ में लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर यह सख्त कार्रवाई की गई। आम लोगों और महिलाओं ने पुलिस को सूचित किया था कि कई सार्वजनिक स्थानों पर कुछ लोग शराब पीकर राहगीरों को परेशान करते हैं और यातायात में बाधा उत्पन्न करते हैं। इन्हीं शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अभियान चलाया गया। सभी जोनों की पुलिस टीमें देर रात तक फील्ड में रहीं और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर चेकिंग की। अभियान में उत्तरी जोन में 757 व्यक्तियों में से 394 पर, दक्षिणी जोन में 977 में से 347 पर, पूर्वी जोन में 880 में से 336 पर, पश्चिमी जोन में 1643 में से 689 पर और मध्य जोन में 1019 में से 595 व्यक्तियों पर कार्रवाई हुई। पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन दंडनीय अपराध है और शहर की शांति भंग करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि सुरक्षित और अनुशासित माहौल बनाने के लिए शहर में ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे।
https://ift.tt/SilquGb
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply