हापुड़ में भगवान महावीर जयंती के अवसर पर मेरठ परिक्षेत्र में 31 मार्च 2026 को व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। मेरठ, बुलंदशहर, बागपत और हापुड़ जनपदों में कुल 30 शोभायात्राएं और 7 अन्य धार्मिक कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। पुलिस प्रशासन ने इन आयोजनों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए विशेष तैयारियां की हैं। डीआईजी कलानिधि नैथानी ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए परिक्षेत्र में 5 अपर पुलिस अधीक्षक, 19 क्षेत्राधिकारी, 57 निरीक्षक, 260 उपनिरीक्षक, 260 मुख्य आरक्षी, 305 आरक्षी और 139 होमगार्ड/पीआरडी जवानों को तैनात किया गया है। इसके अतिरिक्त, पीएसी की 2 कंपनियां भी लगाई गई हैं। शोभायात्रा मार्गों पर 38 स्थानों को संवेदनशील घोषित किया गया है, जिनमें बुलंदशहर में 28, मेरठ में 6, हापुड़ में 3 और बागपत में 1 स्थान शामिल है। जिलावार शोभायात्राओं की संख्या इस प्रकार है: मेरठ में 15, बुलंदशहर में 7, बागपत में 6 और हापुड़ में 2। इन आयोजनों के साथ-साथ पूजा-अर्चना, भंडारा, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। डीआईजी मेरठ रेंज कलानिधि नैथानी ने सभी जनपद प्रभारियों को आयोजकों के साथ समन्वय स्थापित कर रूट तय करने और पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के सख्त निर्देश दिए हैं। शांति समितियों, धर्मगुरुओं और संभ्रांत नागरिकों के साथ बैठकें आयोजित कर सहयोग सुनिश्चित किया गया है। अब तक 61 शांति समिति, 56 विभागीय और 44 आयोजक बैठकें संपन्न हो चुकी हैं। सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं ताकि किसी भी भ्रामक सूचना का तत्काल खंडन किया जा सके। संवेदनशील क्षेत्रों में पेट्रोलिंग बढ़ाने, महिलाओं की सुरक्षा के लिए सादी वर्दी में पुलिस तैनात करने और अग्नि एवं विद्युत सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

Leave a Reply