विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के अंतरराष्ट्रीय संरक्षक दिनेश संभल के सप्ताह भर के दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने प्राचीन मंदिरों और तीर्थस्थलों का भ्रमण किया। उन्होंने संगठन के जिला अध्यक्ष सहित अन्य कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बैठक भी की। दिनेश ने उत्तर प्रदेश की शिक्षा मंत्री गुलाब देवी से शिष्टाचार भेंट भी की। वहीं चैत्र नवरात्रि की अष्टमी और रामनवमी के अवसर पर दिनेश ने संभल कस्बा क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों का दौरा किया। उन्होंने मोहल्ला हल्लू सराय स्थित 800 साल पुराने सिद्धपीठ श्री चामुंडा देवी मंदिर में दर्शन किए। इसके अतिरिक्त, माता अहिल्याबाई होल्कर द्वारा जीर्णोद्धार कराए गए मोहल्ला कोट पूर्वी स्थित श्री प्राचीन श्रीकल्कि विष्णु मंदिर, श्रीकृष्णेश्वर महादेव मंदिर सूर्यकुंड तीर्थ, चतुर्मुख कूप, यामघट तीर्थ और थाना रायसत्ती क्षेत्र के मोहल्ला खग्गू सराय स्थित 46 साल बाद खुले कार्तिकेय महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना की। दिनेश 22 मार्च को संभल पहुंचे थे और तब से वे जनपद के अलग-अलग क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं के अलावा जनप्रतिनिधियों से भी मुलाकात की है। हालांकि, उन्होंने अपने दौरे का उद्देश्य केवल मंदिरों के दर्शन करना बताया है। लेकिन संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ हुई गुप्त बैठकें तथा जनप्रतिनिधियों से मुलाकातें आगामी रणनीति की ओर संकेत कर रही हैं। इस दौरे में उनके साथ संगठन मंत्री गौरव प्रताप सिंह, जिलाध्यक्ष आशु गर्ग, प्रियांशु जैन एडवोकेट, पुष्कल गुप्ता, विरलेश यादव, अंकित गुप्ता, शशांक शर्मा, संतोष गुप्ता और राजेश गुप्ता सहित अन्य प्रमुख कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply