अलीगढ़ के बहुचर्चित बाइक शोरूम मालिक अभिषेक गुप्ता हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर एक्ट लगाया है। यह कार्रवाई मुख्य आरोपियों पूजा शकुन पांडेय, उनके पति अशोक पांडेय और दोनों शूटर मोहम्मद फजल तथा आसिफ के खिलाफ की गई है। हत्याकांड के सभी आरोपी इस समय जेल में बंद हैं। इस मामले की चार्जशीट भी दाखिल हो चुकी है। खैर के बाइक शोरूम मालिक अभिषेक गुप्ता 26 सितंबर की देर शाम अपने पिता नीरज गुप्ता और चचेरे भाई के साथ खेरेश्वर चौराहा पर बस का इंतजार कर रहे थे। तभी बाइक पर आए दो हमलावरों ने अभिषेक पर फायरिंग कर दी। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के तुरंत बाद अभिषेक के पिता ने पूजा शकुन पांडेय और उनके पति अशोक पांडेय पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया था। पुलिस जांच में कॉन्ट्रैक्ट किलिंग का खुलासा
सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ में पुलिस को पता चला कि यह हत्या कॉन्ट्रैक्ट किलिंग के तहत कराई गई थी। पुलिस ने मुख्य शूटर मोहम्मद फजल को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसे और साथी आसिफ को अभिषेक की हत्या के लिए तीन लाख रुपए की सुपारी दी गई थी, जिसमें से एक लाख रुपए अग्रिम दिए गए थे। शूटरों ने बताया कि पांडेय दंपती ने उन्हें अभिषेक की तस्वीर दिखाकर हत्या के निर्देश दिए थे। पूजा शकुन कर रही थी ब्लैकमेल
जांच में यह भी सामने आया कि पूजा शकुन अभिषेक पर अपने साथ रिश्ते को बनाए रखने का दबाव बना रही थी। इसके अलावा वह शोरूम में पार्टनरशिप चाहती थी। अभिषेक ने इन बातों से इनकार कर दिया था, जिसके बाद परिवार के मुताबिक पूजा शकुन उन्हें ब्लैकमेल करने लगी थी। सबसे पहले गिरफ्तार हुआ था पूजा का पति
पुलिस ने सबसे पहले 28 सितंबर को अशोक पांडेय को गिरफ्तार कर जेल भेजा। इसके बाद 1 अक्टूबर को मुख्य शूटर फजल और 3 अक्टूबर को दूसरे शूटर आसिफ को गिरफ्तार किया गया। इसके उपरांत 11 अक्टूबर को पूजा शकुन पांडेय को राजस्थान के भरतपुर से पकड़ा गया। गिरफ्तारी से पहले पुलिस ने उस पर इनाम भी घोषित किया था। खारिज हो चुकी हैं जमानत याचिकाएं
दोनों शूटर फजल और आसिफ ने जमानत याचिका दाखिल की थी, लेकिन अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए याचिका खारिज कर दी। पुलिस अब तक इस केस में 33 पन्नों की चार्जशीट दाखिल कर चुकी है, जिसमें 28 गवाहों के बयान शामिल हैं। अशोक पर सात और पूजा पर पांच केस दर्ज
अशोक पांडेय के खिलाफ गांधीपार्क, सिविल लाइंस और रोरावर थानों में सात मामले दर्ज हैं। वहीं पूजा शकुन पांडेय पर रोरावर और गांधीपार्क थानों में कुल पांच मुकदमे पंजीकृत हैं। शूटर मोहम्मद फजल पर रोरावर में आर्म्स एक्ट सहित कई मामले दर्ज हैं, जबकि शूटर आसिफ के खिलाफ रोरावर और देहलीगेट थानों में चार आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
https://ift.tt/3vdnyKC
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply