DniNews.Live

मसौली में पुलिस मुठभेड़:डेढ़ दर्जन मुकदमों का वांछित बदमाश बकरीदी घायल, गिरफ्तार

बाराबंकी के मसौली थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस और एक वांछित बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान डेढ़ दर्जन से अधिक मुकदमों में वांछित बदमाश बकरीदी उर्फ गरीबा घायल हो गया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मसौली और सफदरगंज थाने की संयुक्त पुलिस टीम बड़ागांव स्टेडियम मोड़, चंदनपुरवा तिराहा के पास गश्त और चेकिंग कर रही थी। तभी नेवला-करसंडा आईआईटी मार्ग की ओर से एक संदिग्ध बाइक सवार के आने की सूचना मिली। पुलिस ने नाकाबंदी कर बाइक सवार को रुकने का इशारा किया, लेकिन वह भागने लगा। खुद को घिरा देखकर आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। घायल बदमाश की पहचान मसौली थाना क्षेत्र के बंजारनपुरवा (जमालपुर) निवासी बकरीदी उर्फ गरीबा पुत्र स्वर्गीय हसन के रूप में हुई। उसे तत्काल उपचार के लिए सीएचसी बड़ागांव भेजा गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और एक मोटरसाइकिल (UP 41 AK 5861) बरामद की है। बकरीदी उर्फ गरीबा मसौली थाने में दर्ज एक मुकदमे में वांछित था। उसके खिलाफ बाराबंकी, बहराइच, सीतापुर, बलरामपुर और श्रावस्ती सहित कई जिलों में आर्म्स एक्ट, गौवध निवारण अधिनियम, एनडीपीएस एक्ट और चोरी जैसे करीब डेढ़ दर्जन से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *