फर्रुखाबाद से कासगंज जा रही एक महिला यात्री का बैग शुकरुल्लापुर रेलवे स्टेशन पर एक युवक छीनकर भाग गया। युवती अगले स्टेशन से वापस लौटी तो आरोपी उसे दोबारा ट्रेन में मिल गया, जिसे अन्य यात्रियों की मदद से पकड़ लिया गया। इस संबंध में युवती ने जीआरपी थाने में तहरीर दी है। फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के बेवर रोड निवासी वरिशा अपनी दादी के साथ फर्रुखाबाद स्टेशन से कासगंज जाने के लिए ट्रेन में सवार हुई थीं। ट्रेन जब शुकरुल्लापुर स्टेशन पर पहुंची, तभी एक अज्ञात युवक उनका बैग लेकर फरार हो गया। ट्रेन रुदायन स्टेशन पर रुकी, जहां वरिशा और उनकी दादी उतर गईं। उन्होंने दूसरी ट्रेन पकड़ी और वापस शुकरुल्लापुर स्टेशन की ओर जा रही थीं। इसी दौरान, बैग छीनने वाला युवक दोबारा उसी ट्रेन में चढ़ता दिखाई दिया। वरिशा ने उसे तुरंत पहचान लिया और शोर मचाया। ट्रेन में मौजूद अन्य यात्रियों ने युवक को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से वरिशा की सोने की जंजीर सहित अन्य सामान बरामद हुआ। युवती ने मामले में जीआरपी थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

Leave a Reply