DniNews.Live

सीतापुर में कालाबाजारी की आशंका पर गैस एजेंसी गोदाम सील:स्टॉक रजिस्टर से 352 सिलेंडर कम मिले, प्रशासन टीम की छापेमारी

सीतापुर में पेट्रोल-डीजल को लेकर मची अफरातफरी के बीच गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। खैराबाद थाना क्षेत्र स्थित राधा कृष्ण गैस एजेंसी पर देर रात प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापा मारकर बड़ी अनियमितता का खुलासा किया। अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। छापेमारी के दौरान टीम ने एजेंसी के स्टॉक का मिलान किया तो भारी गड़बड़ी सामने आई। अभिलेखों में जहां गोदाम में 572 गैस सिलेंडर दर्शाए जा रहे थे, वहीं मौके पर जांच करने पर 352 सिलेंडर कम पाए गए। इस पर अधिकारियों ने तत्काल सख्त रुख अपनाते हुए एजेंसी के गोदाम को सील कर दिया। जांच में यह भी सामने आया कि गैस एजेंसी संचालक बिना बुकिंग के ही सिलेंडर वितरण कर रहा था, जो नियमों का सीधा उल्लंघन है। अधिकारियों का मानना है कि यह कालाबाजारी का मामला हो सकता है, जिससे आम उपभोक्ताओं को नुकसान पहुंच रहा था। टीम ने मौके पर आवश्यक दस्तावेज भी कब्जे में ले लिए हैं और पूरे प्रकरण की गहन जांच शुरू कर दी गई है। नायब तहसीलदार वसुंधरा त्रिपाठी का कहना है कि जिले में किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या जमाखोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद अन्य गैस एजेंसियों में भी हड़कंप का माहौल है। गौरतलब है कि इन दिनों पेट्रोल-डीजल को लेकर फैली अफवाहों के बीच ईंधन और गैस की मांग बढ़ गई है, जिसका फायदा उठाकर कुछ लोग अवैध तरीके से मुनाफा कमाने की कोशिश कर रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचना दे।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *