खाड़ी देशों में जारी तनाव और युद्ध जैसे हालात का सीधा असर हवाई यात्राओं पर दिखने लगा है। बड़ी संख्या में लोग वापसी कर रहे हैं, जिससे लखनऊ आने वाली फ्लाइट्स के किराए आसमान छू रहे हैं। सबसे ज्यादा उछाल रियाद-लखनऊ रूट पर देखने को मिल रहा है, जहां टिकट कीमत 87,444 रुपये तक पहुंच गई है। दुबई, दम्माम, मस्कट और शारजाह जैसे प्रमुख शहरों से लखनऊ आने वाली उड़ानों के किराए भी सामान्य दिनों के मुकाबले कई गुना बढ़ चुके हैं। हालांकि कनेक्टिंग फ्लाइट्स अपेक्षाकृत सस्ती हैं, लेकिन इनमें सफर लंबा और असुविधाजनक हो रहा है। दुबई और शारजाह रूट पर भी भारी बढ़ोतरी दुबई से लखनऊ की सीधी उड़ानों के किराए में भी भारी उछाल दर्ज किया गया है। एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट का टिकट करीब 28 हजार रुपये, फ्लाई दुबई का 32 हजार रुपये, एयर इंडिया का 33 हजार रुपये और एमिरेट्स का किराया 72 हजार रुपये तक पहुंच गया है। वहीं कनेक्टिंग उड़ानों के टिकट करीब 21 हजार रुपये में मिल रहे हैं। शारजाह से आने वाली फ्लाइट्स में भी यही स्थिति है। यहां एयर इंडिया एक्सप्रेस का किराया 25,695 रुपये, फ्लाई दुबई का 32,538 रुपये और एमिरेट्स का 41,354 रुपये तक पहुंच गया है। मस्कट और दम्माम से भी महंगा सफर मस्कट से ओमान एयर की सीधी उड़ान का किराया 28,184 रुपये तक पहुंच गया है। वहीं एयर इंडिया और इंडिगो की कनेक्टिंग फ्लाइट्स क्रमशः 13,324 और 18,593 रुपये में उपलब्ध हैं। दम्माम से फ्लाईनास की सीधी उड़ान का किराया 52,960 रुपये तक पहुंच चुका है, जबकि अन्य एयरलाइंस की कनेक्टिंग फ्लाइट्स के टिकट 46 हजार रुपये तक बिक रहे हैं। आम दिनों में आधे से भी कम होता है किराया ट्रैवल एजेंसियों के मुताबिक, सामान्य दिनों में इन रूट्स पर हवाई किराया 15 से 20 हजार रुपये के बीच रहता है, जबकि त्योहारी सीजन में अधिकतम 25 हजार रुपये तक पहुंचता है। मौजूदा हालात में कीमतें तीन से चार गुना तक बढ़ गई हैं, जिससे यात्रियों की जेब पर भारी बोझ पड़ रहा है।

Leave a Reply