मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार, 12 दिसंबर को बाराबंकी जनपद के जैदपुर क्षेत्र स्थित ग्राम दौलतपुर पहुंचेंगे। वे यहां पद्मश्री प्रगतिशील किसान रामसरन वर्मा के फार्म हाउस पर आयोजित ‘खेती की बात खेत पर’ किसान सम्मेलन में शामिल होंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री किसान पाठशाला का शुभारंभ भी करेंगे। कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। गुरुवार को कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने स्वयं कार्यक्रम स्थल का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने पंडाल, हेलीपैड, पार्किंग और सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से निरीक्षण किया। जिलाधिकारी, पुलिस प्रशासन और कृषि विभाग की टीमों ने सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, रूट प्लान और किसानों के बैठने की व्यवस्था को अंतिम रूप दिया है। दौलतपुर में एक विशाल पंडाल तैयार किया गया है, जिसमें साउंड सिस्टम, मंच और किसानों के बैठने की समुचित व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री के आगमन के लिए मानकों के अनुरूप हेलीपैड भी बनाया गया है, जहां से वे सीधे कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेंगे। तस्वीरें देखिए… मुख्यमंत्री का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम इस प्रकार है: सुबह 11:00 बजे: हेलीपैड पर आगमन। सुबह 11:02 बजे: पद्मश्री किसान रामसरन वर्मा के फार्म का भ्रमण। सुबह 11:10 बजे: प्रगतिशील किसानों से भेंट, कृषि स्टालों का निरीक्षण और किसान पाठशाला का शुभारंभ। सुबह 11:18 बजे: मंच पर आगमन। सुबह 11:20 बजे: पद्मश्री रामसरन वर्मा द्वारा स्वागत उद्बोधन। सुबह 11:23 बजे: इफको के चेयरमैन दिलीप संघानी का उद्बोधन। सुबह 11:26 बजे: कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही का उद्बोधन। सुबह 11:30 बजे: किसानों के हित में सरकार के कार्यों पर लघु फिल्म का प्रदर्शन। सुबह 11:32 बजे: प्रगतिशील किसानों का सम्मान और लाभार्थियों को चेक/स्वीकृति पत्र वितरण। सुबह 11:35 बजे: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का उद्बोधन। इसके बाद वे कार्यक्रम स्थल से प्रस्थान करेंगे। इस प्रगतिशील किसान सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य प्रदेश भर के किसानों को एक मंच पर लाना है। यहां आधुनिक कृषि तकनीक, वैज्ञानिक खेती के तरीके और सफल मॉडलों को साझा किया जाएगा। मुख्यमंत्री किसानों से सीधा संवाद कर कृषि क्षेत्र में सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों और योजनाओं की जानकारी भी देंगे।
https://ift.tt/hBpnfdI
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply