सीतापुर में शुक्रवार सुबह मौसम की बूंदाबांदी के बीच पेट्रोल-डीजल को लेकर अफवाहों ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। प्राइवेट पेट्रोल पंपों पर दाम बढ़ने की चर्चा के बाद शहर में अचानक ईंधन संकट की आशंका फैल गई, जिसके चलते सुबह से ही प्रकाश पेट्रोल पंप समेत शहर के कई स्थानों पर लंबी कतारें लग गईं। बाइक और कार सवार अपनी-अपनी टंकियां फुल कराने के लिए जद्दोजहद करते नजर आए। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर दिया, ताकि किसी तरह का हंगामा न हो। इसके बावजूद कई पंपों पर भीड़ और अफरातफरी का माहौल बना रहा। वाहन स्वामियों का कहना है कि अफवाह के कारण पंप संचालकों ने बाइक में केवल 100 रुपये और कारों में 1000 रुपये तक ही ईंधन देने की सीमा तय कर दी है, जिससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। 3 तस्वीरें देखिए… ऑनलाइन डिलीवरी और राइड सेवाओं से जुड़े लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। स्विगी, जोमैटो और रैपिडो से जुड़े राइडर इकबाल ने बताया कि उन्हें रोजाना 100 से 150 किलोमीटर तक चलना पड़ता है, लेकिन सीमित पेट्रोल मिलने से उनका काम प्रभावित हो रहा है। वहीं वाहन स्वामी राजेश का कहना है कि जमाखोरी की मानसिकता के चलते लोग बेवजह टंकी फुल कराने पहुंच रहे हैं, जिससे जरूरतमंदों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। इस पूरे मामले पर जिलाधिकारी राजा गणपति आर ने स्पष्ट किया है कि जिले में पेट्रोल, डीजल और गैस की कोई कमी नहीं है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांत रहने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और आपूर्ति सामान्य बनी हुई है।

Leave a Reply