हरदोई में ‘मिशन शक्ति’ अभियान के तहत शुक्रवार सुबह ‘रन फॉर एंपावरमेंट’ रैली का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक (एसपी) अशोक कुमार मीणा ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। इस रैली का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था। रैली में महिला पुलिसकर्मियों के साथ-साथ श्रीवेणी माधव इंटर कॉलेज और आर्य कन्या इंटर कॉलेज सहित कई विद्यालयों की छात्राओं ने भी भाग लिया। शहर के विभिन्न हिस्सों से होते हुए यह रैली अंबेडकर पार्क पहुंची, जहां सभी प्रतिभागियों को ‘मिशन शक्ति’ के उद्देश्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इस अवसर पर एसपी अशोक कुमार मीणा ने बताया कि ‘मिशन शक्ति’ अभियान 19 मार्च से चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत महिलाओं को उनके अधिकारों के बारे में बताया जा रहा है और उन्हें सुरक्षा का एहसास कराया जा रहा है। इसी क्रम में असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई भी की जा रही है। एसपी ने आगे बताया कि एंटी-रोमियो स्क्वॉड मंदिरों, मेलों और स्कूलों के बाहर कड़ी निगरानी रख रहे हैं। महिलाओं से जुड़े किसी भी मामले के सामने आने पर तत्काल और सख्त कार्रवाई की जा रही है, ताकि उन्हें सुरक्षित वातावरण मिल सके। इस कार्यक्रम में एएसपी पश्चिमी एमपी सिंह, सीओ सिटी अंकित मिश्रा, शहर कोतवाल संजय त्यागी और ट्रैफिक इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार यादव सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply