शुक्रवार सुबह रायबरेली में पेट्रोल-डीजल की कथित कमी की खबर फैलते ही कई पेट्रोल पंपों पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वाहन चालकों की लंबी कतारें लग गईं, हालांकि प्रशासन ने किसी भी तरह की कमी से साफ इनकार किया है। रायबरेली में पेट्रोल और डीजल की कथित कमी को लेकर शुक्रवार को लोगों में हड़कंप की स्थिति देखने को मिली। मालिन का पुरवा और राही बाजार स्थित पेट्रोल पंपों पर सुबह से ही दोपहिया और चारपहिया वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कई वाहन चालक घंटों तक अपनी बारी का इंतजार करते रहे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कभी पेट्रोल तो कभी डीजल की आपूर्ति बाधित हो रही है, जिससे उन्हें बार-बार परेशानी उठानी पड़ रही है। कुछ लोगों ने बताया कि कई घंटों तक लाइन में खड़े रहने के बावजूद समय पर ईंधन नहीं मिल पा रहा है। जिले में पहले से गैस सिलेंडर की किल्लत से जूझ रहे लोगों के लिए यह स्थिति और मुश्किलें बढ़ाने वाली साबित हो रही है। इसका असर रोजमर्रा के कामकाज, व्यापार और आवागमन पर भी पड़ रहा है। हालांकि, जिला प्रशासन ने इन खबरों को अफवाह करार दिया है। अधिकारियों का कहना है कि जनपद में पेट्रोल, डीजल और गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और कहीं कोई कमी नहीं है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत के अनुसार ही ईंधन लें। साथ ही, प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि कहीं कृत्रिम कमी या कालाबाजारी की शिकायत मिलती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है, लेकिन जमीनी स्तर पर लोगों की परेशानियां जारी हैं।

Leave a Reply