गोंडा में चैत्र नवरात्रि की नवमी और रामनवमी के अवसर पर मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। सुबह से ही श्रद्धालु मां दुर्गा और भगवान राम की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद ले रहे हैं। खैरा भवानी मंदिर में सुबह 5 बजे से ही महिला-पुरुष श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी जा रही है। भक्त यहां दर्शन-पूजन कर नौ दिवसीय नवरात्रि का समापन हवन-पूजन के साथ कर रहे हैं। बड़ी संख्या में कन्या पूजन का आयोजन भी किया जा रहा है। गोंडा शहर के मां काली भवानी मंदिर में भी सुबह से ही भक्तों का तांता लगा हुआ है। वहीं, उमरी बेगमगंज मुकुंदपुर स्थित 34वीं शक्ति पीठ बाराही देवी मंदिर में सुबह 3 बजे से ही श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। देखिए 3 तस्वीरें…
यहां सुबह 4 बजे आरती के बाद मंदिर को आम दर्शनों के लिए खोल दिया गया था। नवमी के अवसर पर मंदिरों में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। लोग हवन-पूजन, मुंडन संस्कार और अन्य धार्मिक अनुष्ठानों के लिए मंदिरों में पहुंच रहे हैं। वहीं अयोध्या का पड़ोसी जिला होने के कारण गोंडा में रामनवमी का पर्व भी धूमधाम से मनाया जा रहा है, कई स्थानों पर भंडारों का आयोजन किया गया है।पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं और सोशल मीडिया पर लगातार नजर रखी जा रही है। जिले के बड़े-बड़े मंदिरों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्र के छोटे-छोटे मंदिरों पर भी भक्तों की भारी भीड़ लगी हुई है यहां पर भी लोग पूजा अर्चना करके मां दुर्गा और भगवान राम का आशीर्वाद ले रहे हैं। गोंडा जिला अधिकारी प्रियंका निरंजन द्वारा भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए सभी मंदिरों पर साफ-सफाई को लेकर के भी सख्त रूप से निर्देश दिया गया है जिला पंचायत राज विभाग द्वारा सफाई कर्मियों की भी ड्यूटी लगाई गई है।

Leave a Reply