झांसी में एक महिला ने सुसाइड कर लिया। आरोप है कि उसने बच्चों की फीस और अन्य खर्चों के लिए पति से रुपए मांगे थे। इस पर पति ने उसकी पिटाई कर दी। आहत महिला ने जहर खा लिया। वह उल्टी और पेट दर्द से परेशान हो गई। लेकिन, 4 घंटे तक उसे अस्पताल नहीं ले गए। जब तबीयत ज्यादा बिगड़ गई तो लेकर भागे। लेकिन, तब तक मौत हो चुकी थी। ससुराल वाले शव को घर ले आए। गुरुवार सुबह अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी, तभी सूचना पाकर मायके वाले पहुंच गए। उन्होंने हंगामा करते हुए पुलिस को बुला लिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के नगरिया कुआं मोहल्ले का है। महिला के 4 साल के बेटे ने पुलिसवालों से कहा- पापा और बुआ ने मां को बहुत मारा। फिर मां ने जहर खा लिया। अब पूरा मामला विस्तार से पढ़िए…. 5 साल पहले हुई थी शादी
प्रतापगढ़ की रहने वाली मोनिका उर्फ रोली दुबे (25) की शादी 26 फरवरी, 2020 को नगरिया कुआं मोहल्ला के रहने वाले शिवम दुबे से हुई थी। दोनों का 4 साल का एक बेटा है। रुपए को दोनों के बीच विवाद होता था। मोनिका की भाभी कोमल पांडे ने बताया- मेरा ननदोई शिवम प्राइवेट काम करता था। मगर ननद मोनिका को बच्चे की फीस और खर्चा नहीं देता था। इससे वो परेशान रहती थी। ननदोई दो महीने से बैंगलोर में था। 3 दिन पहले ही वो घर आया था। मंगलवार रात को दोनों का पैसों को लेकर विवाद हो गया। मेरे पास फोन आया तो मैंने समझाकर मामला शांत करा दिया। मारपीट के बाद जहर खा लिया
कोमल पांडे ने आगे बताया- बुधवार सुबह मोनिका का फोन आया कि सास और ननद गाली दे रही है। उसने वीडियो कॉल करके खिड़की के पास फोन रख दिया। बोली- भाभी आप चोरी-छुपे देखते रहना। मैं वीडियो कॉल पर देख रही थी। मोनिका को उसकी ननद ने धक्का दिया तो वो गिर गई। उठकर उसने ननद को धक्का दे दिया। तब दोनों व पति मारपीट करने लगे। मैंने कहा कि क्यों मार रहे हो तो फोन छीनकर काट दिया। तब मैंने ननदोई शिवम के पास फोन किया। वह बोलने लगे कि मोनिका में कमी है। तब हमने कहा कि दो दिन रुक जाओ, मेरे पति आ जाएंगे तो हम आकर मोनिका को ले जाएंगे। 4 घंटे तक अस्पताल नहीं ले गए
कोमल पांडे ने आगे बताया- बुधवार सुबह 10 बजे झगड़ा हुआ था। 12 बजे हमारे पास ननदोई का फोन आया कि मोनिका ने जहर खा लिया। हमने कहा कि आप अस्पताल ले जाओ। मगर अस्पताल नहीं ले गए। तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर 4 बजे अस्पताल ले गए। फिर कहने लगे कि बहुत सीरियस है, तब हम लोग घर से रवाना हुए। गुरुवार सुबह 7 बजे झांसी पहुंचे तो घर के बाहर मोनिका का शव रखा था और अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी। ननद भाग चुकी थी। हमने 112 नंबर पर कॉल किया। मौके पर पुलिस पहुंची और पूछताछ की। कोमल ने कहा- अब हमें न्याय चाहिए। बहू और बेटा के बीच झगड़ा हुआ
मोनिका की सास नंदा देवी ने बताया- मेरा बेटा शिवम दो माह पहले काम करने बैंगलोर गया था। 3 दिन पहले ही वो घर आया था। मंगलवार रात को बेटा और बहू की लड़ाई हो गई। रातभर दोनों की लड़ाई हुई तो दोनों गुमसुम थे। मैंने मना भी किया कि झगड़ा मत करो। बहू से कहा कि वो पैसे दे देगा। इस दौरान बहू ने चूहा मारने वाली दवा खा ली। फिर उसने उल्टी की। सारे कपड़े खराब हो गए तो मैंने धो दिए। फिर बहू चारपाई पर लेट गई। 4 बजे सरकारी अस्पताल ले गए तो शाम करीब 7:30 बजे बहू की मौत हो गई। तब शव घर ले आए। अभी शिकायत नहीं मिली
कोतवाली थाना प्रभारी विद्यासागर ने बताया कि झगड़ा होने पर मोनिका ने जहर खाकर सुसाइड कर लिया। अभी तक परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। पंचनामा भरकर शव का पोस्टमॉर्टम करवाया जा रहा है। पूरे मामले की छानबीन की जा रही है। ——————————- ये खबर भी पढ़िए… चाइनीज मांझे ने फिर जान ली, टीचर की गर्दन कटी:यूपी में लगातार हो रहीं मौतें, जौनपुर में बेटी को स्कूल छोड़कर आ रहे थे जौनपुर में चाइनीज मांझे से गर्दन कटने से टीचर की मौत हो गई। वह बेटी को स्कूल छोड़कर लौट रहे थे। रास्ते में गर्दन में चाइनीज मांझा फंस गया। उसे निकालने के चक्कर में बाइक बेकाबू हो गई। वह मुंह के बल गिर पड़े। मांझा उनके गले को चीरता चला गया। पढ़ें पूरी खबर….
https://ift.tt/qCgTaUl
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply