DniNews.Live

अज्ञात डंपर की टक्कर से बाइक सवार की मौत:औरैया में हुआ हादसा, फरार डंपर चालक को देर रात तक तलाशती रही पुलिस

औरैया के बेला थाना क्षेत्र में देर रात एक सड़क हादसे में 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई। बिधूना रोड स्थित ग्राम सिरियावा मोड़ के पास एक अज्ञात डंपर ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी थी। घटना की सूचना डायल 112 पर रात्रि करीब 11:20 बजे मिली। सूचना मिलते ही बेला पुलिस मौके पर पहुंची। घायल युवक को तुरंत उपचार के लिए जिला अस्पताल चिचौली भेजा गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान शिवम गुप्ता (लगभग 24 वर्ष) पुत्र राकेश गुप्ता, निवासी नई बस्ती, किसनी रोड, बिधूना, जनपद औरैया के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन औरैया मोर्चरी पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आवश्यक वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दी है। बेला थानाध्यक्ष गंगा दास गौतम ने बताया कि टक्कर मारने वाले अज्ञात डंपर ट्रक की तलाश जारी है। पुलिस टीम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपी वाहन और उसके चालक का जल्द पता लगाया जा सके।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *