उन्नाव जनपद में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। सदर तहसील क्षेत्र के कटरी पीपर खेड़ा गांव में देर रात छापेमारी कर अवैध रूप से डंप की गई मिट्टी और बालू को सीज कर दिया गया। जिलाधिकारी उन्नाव के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है और आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार, कटरी पीपर खेड़ा स्थित शिवबाबा लॉन के पास वाली गली में लंबे समय से अवैध मिट्टी खनन की शिकायतें मिल रही थीं। सूत्रों के मुताबिक, खनन माफिया रात के अंधेरे में जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का उपयोग कर मिट्टी और बालू निकालते थे, जिसे बाद में बिक्री के लिए एक स्थान पर जमा किया जाता था। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने एक विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की योजना बनाई। देर रात करीब 2 बजे उपजिलाधिकारी सदर क्षितिज द्विवेदी, सिटी मजिस्ट्रेट और खनन विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर छापा मारा। प्रशासनिक टीम को देखकर वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग मौके से फरार हो गए। छापेमारी के दौरान टीम ने बड़ी मात्रा में अवैध रूप से जमा की गई मिट्टी और बालू बरामद की, जिसे तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया गया। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए। खनन में इस्तेमाल किए गए वाहनों और संबंधित लोगों की पहचान करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मामले में शामिल लोगों के खिलाफ खनन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने राजस्व और खनन विभाग को क्षेत्र में लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। जनपद में अवैध खनन के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply