सीतापुर के थाना सदरपुर क्षेत्र के जहांगीराबाद में दरवाजे पर गाय का बछड़ा जाने को लेकर दो पक्षों में कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला खूनी संघर्ष में बदल गया। जानकारी के अनुसार गुरुवार देर शाम गाय का बछड़ा दूसरे पक्ष सुनील के दरवाजे पर चला गया, जिसे हटाने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी हाथापाई में तब्दील हुई और दोनों ओर से जमकर ईंट-पत्थर, लाठी-डंडे और धारदार हथियार चल गए। घटना में दोनों पक्षों के करीब 13 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल द्वारिका प्रसाद, उनके चार बेटे और बहुएं घायल हुई है। घायलों में अवनीश, बहू कविता, ओमेश, अनिल, सुरेश सहित अन्य लोगों को ग्रामीणों की मदद से स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर पांच घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर भर्ती कराया गया है। सभी घायलों का इलाज डॉक्टरों की निगरानी में जारी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि विवाद की शुरुआत द्वारिका प्रसाद और दूसरे पक्ष के सुनील के बीच हुई थी। बछड़ा दरवाजे पर पहुंचने को लेकर दोनों के बीच आए दिन तकरार होती रही है। गुरुवार को भी इसी बात पर बहस छिड़ी और कुछ ही देर में स्थिति बेहद तनावपूर्ण हो गई। गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। सूचना मिलते ही सदरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह दोनों पक्षों के घायलों को अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर घायल लोगों से पूछताछ की है। अधिकारियों ने बताया कि पूरे प्रकरण की जांच पड़ताल की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि दोबारा तनाव की स्थिति न बने।
https://ift.tt/sR3NOfm
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply