DniNews.Live

उन्नाव: ट्रांसफार्मर के पास शॉर्ट सर्किट से आग VIDEO:पान की दुकान जलकर खाक, लाखों का नुकसान, मची भगदड़

उन्नाव के गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के अंबिकापुरम में एक पान की दुकान में अलसुबह आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। घटना बिंदा नगर चौकी के अंतर्गत हुई। राजधानी मार्ग पर स्थित यह पान की दुकान अंबिकापुरम निवासी गौरव तिवारी की थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 3 बजे ट्रांसफार्मर के पास शॉर्ट सर्किट होने की आशंका है, जिससे आग भड़क उठी। ट्रांसफार्मर के ठीक नीचे होने के कारण आग तेजी से फैली और दुकान का सामान कुछ ही मिनटों में जल गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग की लपटें काफी ऊंची उठ रही थीं। आसपास के लोगों ने शोर मचाकर अन्य लोगों को जगाया और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक दुकान पूरी तरह जल चुकी थी। घटना की सूचना पुलिस और संबंधित विभाग को दी गई। पीड़ित दुकानदार गौरव तिवारी ने बताया कि दुकान में रखा पान मसाला, सिगरेट, कोल्ड ड्रिंक, फ्रीजर और अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया, जिससे उन्हें लगभग दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने कोतवाली में संतोष उर्फ कल्लू नामक व्यक्ति पर दुकान में आग लगाने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। वहीं, बिजली विभाग के एक निजी कर्मचारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि आग ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट के कारण लगी थी। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि शॉर्ट सर्किट और लगाए गए आरोप, दोनों पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *