अनपरा थाना क्षेत्र से एक 16 वर्षीय किशोरी के अपहरण का मामला सामने आया है। पीड़ित पिता की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अनपरा थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि तीनों आरोपी सगे भाई हैं। परिजनों ने बेटी की सुरक्षित बरामदगी की मांग की है। अनपरा कॉलोनी निवासी पीड़ित पिता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी 16 वर्षीय बेटी सोमवार शाम घर से बाहर गई थी। इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। पिता ने आरोप लगाया है कि छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के बैकुंठपुर निवासी आशिक उर्फ मन्नू पुत्र राम अवतार, उसके भाई निहाल और प्रियांक देवगन उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर ले गए हैं। पिता के अनुसार, आरोपी आशिक उर्फ मन्नू एक मौलाना है। उन्होंने बताया कि पूर्व में बेटी की तबीयत खराब होने पर उन्होंने आशिक से झाड़-फूंक कराया था। पिता का आरोप है कि झाड़-फूंक के बाद आशिक उनकी बेटी को अश्लील मैसेज भेजने लगा था। जब बेटी ने उससे बात करने से मना किया, तो वह लगातार फोन कर उसे जबरन उठा ले जाने और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देता था। पिता को पूरा संदेह है कि इन्हीं तीनों ने मिलकर उनकी बेटी का अपहरण किया है। पीड़ित पिता की तहरीर के आधार पर अनपरा पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले की जांच उपनिरीक्षक सचचिता नंद दास को सौंपी गई है। पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश में टीमें गठित की गई हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि किशोरी को जल्द ही सकुशल बरामद कर लिया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply