फतेहपुर में रामनवमी पर्व के अवसर पर शुक्रवार को निकलने वाली शोभायात्रा को लेकर फतेहपुर शहर में ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए यह व्यवस्था शाम 4 बजे से शोभायात्रा समाप्त होने तक प्रभावी रहेगी। प्रशासन ने लोगों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है। SP ने जारी किया आदेश पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने देर रात पत्र जारी कर बताया कि थाना कोतवाली और राधानगर क्षेत्र से निकलने वाली शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों के आवागमन पर अस्थायी रोक लगाई जाएगी। इन मार्गों पर रहेगा ट्रैफिक प्रतिबंध डायवर्जन के तहत राधानगर से ज्वालागंज, सदर अस्पताल तिराहे से बाकरगंज और ज्वालागंज, लखनऊ बाईपास चौराहे से बाकरगंज, लोधीगंज से ज्वालागंज, पटेल नगर चौराहे से स्व. अटल बिहारी बाजपेई तिराहा और पत्थरकटा से चौक चौराहा, कोतवाली व रोडवेज चौकी तक वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान एम्बुलेंस को छोड़कर अन्य सभी प्रकार के वाहनों की एंट्री बंद रहेगी। वाहनों के लिए बनाए गए वैकल्पिक रूट यातायात पुलिस ने शहर में आवागमन बनाए रखने के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किए हैं। राधानगर से ज्वालागंज होते हुए लखनऊ बाईपास जाने वाले वाहन जयरामनगर, जेल रोड, नौऊवाबाग ओवरब्रिज होते हुए हाईवे के रास्ते लखनऊ बाईपास पहुंचेंगे। वहीं नौऊवाबाग और डाक बंगला से बाकरगंज, ज्वालागंज और लोधीगंज की ओर जाने वाले वाहनों को नौऊवाबाग हाईवे से लोधीगंज की तरफ मोड़ा जाएगा। लोधीगंज-राधानगर के लिए भी अलग व्यवस्था लोधीगंज से ज्वालागंज होते हुए राधानगर जाने वाले वाहन नौऊवाबाग, जेल रोड और 50 नंबर पुल के रास्ते जयरामनगर होकर राधानगर पहुंचेंगे। इसके अलावा कानपुर-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग से बांदा और गाजीपुर की ओर जाने वाले भारी वाहन पहले की तरह कोराई बाईपास और कटका बाईपास से संचालित किए जाएंगे। लोगों से सहयोग की अपील यातायात पुलिस ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें और यातायात नियमों का पालन करते हुए प्रशासन का सहयोग करें, ताकि रामनवमी पर्व के दौरान शहर में व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

Leave a Reply