मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज मोतिहारी के केसरिया पहुंचेंगे। वे यहां पर्यटन, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं का निरीक्षण, शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है। मुख्यमंत्री पूर्वाह्न 11:30 बजे हवाई मार्ग से बौद्ध वस्तु परिसर के पास बन रहे कैफेटेरिया स्थल पर उतरेंगे। जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री सबसे पहले 17.15 करोड़ रुपए की लागत से निर्माणाधीन कैफेटेरिया का जायजा लेंगे। यह कैफेटेरिया केसरिया स्तूप आने वाले पर्यटकों की सुविधा के लिए बनाया जा रहा है, जिसका 60 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा हो चुका है। वेलनेस सेंटर का करेंगे निरीक्षण इसके बाद मुख्यमंत्री राजपुर में निर्माणाधीन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का निरीक्षण करेंगे। यहां अधिकारियों द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति और उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी। उनका अगला कार्यक्रम राजपुर उच्च माध्यमिक विद्यालय के मैदान में निर्धारित है, जहां वे ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं से सीधा संवाद करेंगे। मुख्यमंत्री मध्य विद्यालय केसरिया परिसर में स्थित कस्तूरबा बालिका विद्यालय का भी निरीक्षण करेंगे। इस दौरान वे छात्राओं की शिक्षा और सुविधाओं की समीक्षा करेंगे। अपनी यात्रा के दौरान, मुख्यमंत्री नव-निर्मित पुस्तकालय का उद्घाटन भी करेंगे, जिससे स्थानीय छात्रों और युवाओं को नई शैक्षणिक सुविधा मिलेगी। नई सौगातें मिलने की उम्मीद मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर स्थानीय प्रशासन, पुलिस विभाग और संबंधित सभी अधिकारियों की टीम लगातार क्षेत्र में कैंप कर तैयारियों की अंतिम समीक्षा कर रही है। स्थानीय विधायक शालिनी मिश्रा ने कहा कि केसरिया के विकास में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का हमेशा विशेष योगदान रहा है। उनके आने से क्षेत्र को नई सौगातें मिलने की उम्मीद है।
https://ift.tt/cXWbGF8
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply