DniNews.Live

देवरिया में गैस सिलेंडर लाइन में मारपीट:आगे-पीछे होने को लेकर बहस के बाद चले लात-घूंसे, लोगों ने किया बीच-बचाव

देवरिया जनपद के भटनी क्षेत्र में गैस सिलेंडर की किल्लत के कारण उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है। गुरुवार को नूरी गंज स्थित एक गैस एजेंसी पर सिलेंडर लेने के लिए लाइन लगाने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गैस वितरण के दौरान लाइन में आगे-पीछे होने को लेकर मामूली कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और काफी देर तक हंगामा चलता रहा। अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को शांत कराया। दरअसल, देवरिया में रसोई गैस सिलेंडर की आपूर्ति मांग के मुकाबले कम है, जिससे गैस एजेंसियों पर अव्यवस्था का माहौल है। उपभोक्ताओं को सिलेंडर के लिए घंटों लंबी कतारों में इंतजार करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कई दिनों से गैस की आपूर्ति नियमित नहीं हो रही है। समय पर सिलेंडर न मिलने से उपभोक्ताओं में नाराजगी है, जिसके कारण ऐसे विवाद सामने आ रहे हैं। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उपभोक्ताओं ने प्रशासन से मांग की है कि गैस आपूर्ति जल्द सामान्य की जाए और एजेंसियों की व्यवस्था में सुधार किया जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके।

Source: Dainik Bhaskar via DNI News (Prayagraj)

Puri Khabar Yahan Padhein…

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *