पीलीभीत में एक सड़क हादसे में वृद्ध महिला की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना थाना सुनगढ़ी क्षेत्र के असम हाईवे पर स्थित दुर्गा राइस मिल के सामने हुई, जहाँ एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दंपत्ति को टक्कर मार दी। जानकारी के अनुसार, थाना गजरौला क्षेत्र के ग्राम सुहास निवासी सोमवती (70 वर्ष) गुरुवार देर शाम अपने परिवार के एक सदस्य के साथ उत्तराखंड के सितारगंज से अपने घर लौट रही थीं। जैसे ही उनकी बाइक सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के असम हाईवे पर दुर्गा राइस मिल के पास पहुँची, पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला सड़क पर गिर गईं और भारी वाहन का पहिया उनके सिर के ऊपर से गुजर गया। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण सोमवती ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई और उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचित किया। सूचना पाकर थाना सुनगढ़ी की पुलिस टीम मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष नरेश त्यागी ने बताया- सड़क हादसे में एक वृद्ध महिला की मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। अज्ञात वाहन की तलाश के लिए सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। आरोपी चालक को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply