प्रयागराज में हाईकोर्ट के जस्टिस की भतीजी की सगाई से हीरों का हार चुराने वाले गैंग का सदस्य शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया। वह चार साल से पुलिस को छका रहा था और उस पर 25 हजार का इनाम था। पुलिस ने उसे मप्र के राजगढ़ में उसके घर से गिरफ्तार किया। इस गैंग के सरगना समेत छह आरोपी पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं। यह घटना 13 मई 2022 को सिविल लाइंस के होटल कान्हा श्याम में हुई थी। यहां हाईकोर्ट जज के भाई चन्द्र प्रकाश केसरवानी, जो म्योर रोड अशोक नगर के रहने वाले हैं, उनकी बेटी के सगाई समारोह से सोने के जेवरात, रत्न, मोबाइल फोन आदि चुरा कर एक गैंग के लोग भाग निकले थे। पुलिस ने इस मामले में मप्र के जैकी गैंग को गिरफ्तार किया था। खुलासा किया था कि इस गैंग ने मेहमानों की भीड़ में शामिल होकर यह वारदात अंजाम दी। उसी रात एक अन्य शादी समारोह से भी गहने उड़ाए। यह भी खुलासा हुआ था कि इस गैंग के लोग नैनी में जुआ अड्डा संचालक पंकज सिंह के लॉज में ठिकाना बनाए हुए थे। पंकज ही इस गैंग का शरणदाता था और गैंग के लोगों का मददगार भी था। इस मामले में पंकज समेत कई लोग नामजद हुए। बाद में पुलिस ने जैकी कुमार सांसी पुत्र उमराव सिंह 2. कुणाल पुत्र जितेन्द्र कुमार, 3. संतोष सांसी पुत्र रघुवीर सांसी, 4. कोहिनूर सांसी पुत्र मोहर सिंह, 5. अभियुक्ता बीना बाई पत्नी इन्दर सिंह निवासीगण कड़िया थाना बोड़ा जनपद राजगढ (म0प्र0) 6. रामू पटेल पुत्र शिवलाल पटेल नि0 48/4 चक रघुनाथ नैनी थाना नैनी को गिरफ्तार कर जेल भेजा। सिविल लाइंस इंस्पेक्टर रामाश्रय यादव ने बताया कि इस मामले में राजेन्द्र कुमार पुत्र भगवान सिंह निवासी कड़िया थाना बोड़ा जनपद राजगढ़ मध्य प्रदेश, उम्र करीब 35 वर्ष वांछित था। उसे शुक्रवार को मप्र में उसके घर पहुंचकर गिरफ्तार कर लिया गया। शनिवार को उसे प्रयागराज लाकर कोर्ट की अनुमति से जेल भेज दिया गया। उस पर 12 मुकदमे पहले से दर्ज हैं।

Leave a Reply