आगरा में चैत्र माह की महाष्टमी पर प्रजापति समाज द्वारा निकाली गई दक्ष कन्या मां भगवती की भव्य शोभायात्रा में श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। बैंडबाजों, ढोल-नगाड़ों और आकर्षक झांकियों के साथ निकली यात्रा ने पूरे शहर को भक्तिमय बना दिया। आगरा। मातारानी की भक्ति में डूबे श्रद्धालुओं के बीच बुधवार को प्रजापति देवी मंदिर, नालबंद चौराहा से दक्ष कन्या मां भगवती की भव्य शोभायात्रा धूमधाम से निकाली गई। शोभायात्रा में 80 से अधिक आकर्षक झांकियां शामिल रहीं, जिन्होंने देवी-देवताओं के विभिन्न स्वरूपों और सामाजिक संदेशों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। ढोल-नगाड़ों और बैंडबाजों की धुन पर श्रद्धालु झूमते-नाचते नजर आए। मां भगवती के जयकारों से पूरा वातावरण गूंज उठा, वहीं झांकियों में बाबा खाटू श्याम, शिव परिवार, श्रीराम परिवार, काली मां का रौद्र रूप, बालाजी महाराज और समुद्र लांघते हनुमान प्रमुख आकर्षण रहे। साथ ही “बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ” और “जल ही जीवन है” जैसे संदेश भी झांकियों के माध्यम से दिए गए।म समिति के अध्यक्ष अशोक गोला और महामंत्री नवीन प्रजापति ने अतिथियों का पगड़ी व माला पहनाकर स्वागत किया। शोभायात्रा में शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों और कई क्षेत्रों की झांकियों ने भाग लिया, जिससे आयोजन और भी भव्य बन गया। यह शोभायात्रा पंचकुईया, लोहामंडी, हरीपर्वत, राजामंडी, आगरा कॉलेज सहित प्रमुख मार्गों से होते हुए देर रात प्रजापति देवी मंदिर पर संपन्न हुई। मार्ग में जगह-जगह पुष्प वर्षा, तोरण द्वार और भंडारों के जरिए श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया। सैकड़ों की संख्या में भक्तजन पूरी यात्रा में शामिल रहे, जिससे पूरा शहर भक्तिमय माहौल में सराबोर नजर आया।

Leave a Reply