फर्रुखाबाद में कानपुर-कासगंज रेलवे लाइन पर देवरामपुर क्रॉसिंग का पाइप गुरुवार शाम एक ऑटो की टक्कर से टूट गया। घटना की सूचना तुरंत रेलवे अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद कर्मचारियों को भेजकर पाइप को दुरुस्त कराया गया। यह घटना फर्रुखाबाद और फतेहगढ़ रेलवे स्टेशन के बीच देवरामपुर क्रॉसिंग पर हुई। गुरुवार शाम एक तेज रफ्तार ऑटो ने क्रॉसिंग के पाइप में टक्कर मार दी, जिससे वह क्षतिग्रस्त हो गया। क्रॉसिंग पर मौजूद गार्ड ने तत्काल इसकी जानकारी अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही रेलवे के कर्मचारी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची। कर्मचारियों ने पाइप की मरम्मत का काम शुरू किया। बताया गया कि पाइप शाम करीब 5 बजे टूटा था और इसे शाम 7:30 बजे तक दुरुस्त कर लिया गया, जिसमें लगभग ढाई घंटे का समय लगा। पाइप टूटने के कारण क्रॉसिंग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। आरपीएफ इंस्पेक्टर ओपी मीणा ने बताया कि ऑटो की टक्कर से क्रॉसिंग का पाइप क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसे अब दुरुस्त कर दिया गया है। ट्रेनों के संचालन में कोई बाधा नही हुई।

Leave a Reply