जौनपुर में तीन दिवसीय जौनपुर महोत्सव 2026 का गुरुवार को समापन हो गया। अंतिम दिन विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में दर्शकों ने हिस्सा लिया। राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण, उत्तर प्रदेश, गिरीश चंद्र यादव ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। महोत्सव के तीसरे और अंतिम दिन समारोह में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, कलाकार और बड़ी संख्या में जनसमूह उपस्थित रहा। मुख्य अतिथि राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव और विशिष्ट अतिथि समाजसेवी ज्ञान प्रकाश सिंह ने जनपद की सांस्कृतिक विरासत, कला और परंपराओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि जौनपुर महोत्सव स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ-साथ जनपद की पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। यह महोत्सव जिले की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को बढ़ावा देने और युवाओं व कलाकारों को मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान लोक नृत्य, संगीत, कवि सम्मेलन और स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया। लिली इंटरनेशनल मुखर्जी नगर दिल्ली और जयपुर भरतपुर (राजस्थान) के कलाकारों ने भगवान विष्णु के दशावतार की मनमोहक प्रस्तुति दी। राहुल पाठक, सविता पाठक और कृष्णा पटेल सहित अन्य गायकों ने भी अपनी प्रस्तुतियां दीं। इससे पहले, महोत्सव के दूसरे दिन वरदान सिंह, डिंपल, रिंकू विश्वकर्मा (लंगड़ी बुआ), दीपक देव पाठक, कुसुम लता, रविंद्र सिंह ज्योति और आशीष माली सहित अन्य कलाकारों ने भी मनमोहक प्रस्तुतियां दी थीं। मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने अपने संबोधन में सफल आयोजन के लिए सभी विभागों, कलाकारों, प्रतिभागियों और जनसामान्य का आभार व्यक्त किया। जिलाधिकारी ने भी जौनपुर महोत्सव को जनपद की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच बताया और सभी सहयोगियों का आभार जताया। महोत्सव में शहीदों के परिजनों और खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। पूरे आयोजन के दौरान प्रशासन द्वारा सुरक्षा, स्वच्छता और व्यवस्थाओं का उत्कृष्ट प्रबंधन सुनिश्चित किया गया। इस प्रकार, जौनपुर महोत्सव 2026 जनपदवासियों के लिए एक यादगार सांस्कृतिक उत्सव के रूप में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। देखें कार्यक्रम की फोटो…

Leave a Reply