गाजीपुर में चैत्र नवरात्रि की महाअष्टमी पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने 108 कन्याओं का विधिवत पूजन किया। रायगंज स्थित केशव कुटी भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में कन्याओं को प्रसाद स्वरूप भोजन भी कराया गया। इस अवसर पर मां दुर्गा के महागौरी स्वरूप की आराधना की गई। स्वयंसेवकों और मातृशक्ति ने पूरे विधि-विधान के साथ कन्याओं के पैर धोए, उन्हें महावर, कुमकुम और तिलक लगाकर आरती उतारी। यज्ञ पूजन के बाद कन्याओं को विभिन्न व्यंजनों का भोग लगाया गया। जिला प्रचारक प्रभात ने बताया कि चैत्र नवरात्रि का यह पर्व शक्ति उपासना का प्रतीक है। इसमें मां दुर्गा के नौ स्वरूपों, शैलपुत्री से लेकर महागौरी तक, की आराधना की जाती है। उन्होंने कहा कि नौ दिनों तक चलने वाली यह उपासना भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा की गहराई को दर्शाती है, जिसमें कन्या पूजन को विशेष महत्व दिया गया है। कार्यक्रम में पंडित विनोद तिवारी ने विधिवत यज्ञ संपन्न कराया। बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों और विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ताओं ने इस आयोजन में सहयोग किया। इस अवसर पर जयप्रकाश, प्रेमप्रकाश, विपुल, अशोक और दीनदयाल सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply