लखीमपुर खीरी के पलिया विधानसभा क्षेत्र के बेला कलां लोहरा गांव में तेंदुए के हमले में घायल ग्रामीणों से क्षेत्रीय विधायक रोमी साहनी ने मुलाकात की। उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और आर्थिक सहायता प्रदान की। इस दौरान विधायक ने स्पष्ट किया कि तेंदुआ पकड़ने वाले ग्रामीणों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होने दी जाएगी। विधायक ने घायल नरेश (पुत्र पूरन लाल), बब्लू (पुत्र सुन्दर लाल), अरविंद (पुत्र सियाराम), रिंकी (पुत्री धर्मेश) और वाजिद अली से मिलकर उनका कुशलक्षेम पूछा। प्रत्येक घायल के उपचार के लिए कुल ₹20,000 की आर्थिक सहायता दी गई। रोमी साहनी ने कहा कि ग्रामीणों ने कोई अपराध नहीं किया है। उन्होंने वन्यजीव को नुकसान नहीं पहुंचाया, बल्कि जिम्मेदारी निभाते हुए तेंदुए को पकड़कर वन विभाग को सुपुर्द किया है। विधायक ने जोर देकर कहा कि ग्रामीणों की सुरक्षा सर्वोपरि है और निर्दोष नागरिकों के साथ किसी भी तरह का अन्याय या उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में तेंदुओं की बढ़ती समस्या का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि ग्रामीणों को भयमुक्त माहौल में जीवन न बिताना पड़े।

Leave a Reply